Header Ads

जींद जिले में प्रदेश में सबसे ज्यादा बेरोजगार : जुलाना विधायक ढुल

नारद संवाददाता, जींद : जुलाना से इनेलो विधायक परमेंद्र ढुल ने विधानसभा सचिवालय के माध्यम से एकत्रित किये आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि रोजगार कार्यालय में दर्ज आंकड़ों के मुताबिक प्रदेशभर में 496625 बेरोजगार युवा हैं। वहीं यह संख्या जींद जिले में 31817 है, जोकि पूरे प्रदेश सबसे अधिक है।
पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए ढुल ने कहा कि उन्होंने प्रदेश सरकार से पिछले एक दशक में सरकार द्वारा जिले में दी गयी नौकरियों को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। ढुल ने कहा कि आंकड़ों के अनुसार ये हालात हैं, अगर वास्तविकता की बात की जाए, तो बेरोजगारों की संख्या काफी ज्यादा है। अधिकांश युवा रोजगार कार्यालय में अपना नाम दर्ज नहीं करवा पाते हैं। उनके मुताबिक जिलेभर में कम से कम चार लाख बेरोजगार युवा हैं। जिले में रजिस्टर्ड 31817 बेरोजगार युवाओं में से केवल 3619 को ही बेरोजगार भत्ता मिल पा रहा है।
 सक्षम योजना फ्लॉप
ढुल ने कहा कि सक्षम युवा योजना भी जिले में पूरी तरह से फ्लॉप साबित हो रही है। चार लाख से ज्यादा बेरोजगारी वाले जिले में से मात्र 1374 स्नातकोत्तर तथा 671 स्नातकों को सक्षम युवा योजना का लाभ मिल पा रहा है। पिछले 13 साल में कांग्रेस व बीजेपी के शासन में बेरोजगारी का अनुपात 1:5 से बढ़कर 1:200 पर पहुंच गया है, यानि 200 युवाओं में से केवल एक को ही रोजगार मिल पा रहा है। पिछले तीन साल के शासन में बीजेपी अभी तक जिले में केवल 887 युवाओं को नौकरी दे पाई है। इस आंकड़े में सभी प्रकार की सरकारी तथा गैर सरकारी नौकरियां शामिल हैं। 

No comments