कुत्ते को बचाने के चक्कर में पलटी कार, दो बुजुर्ग महिलाओं समेत तीन की मौत, आगरा हाईवे पर हुआ य हादसा
आगरा हाइवे पर बस्सी इलाके में जटवाड़ा के पास हुआ हादसा; सड़क पर अचानक कार के सामने आया कुत्ता, ब्रेक लगाने पर पलटी कार....
जयपुर.राजधानी में आगरा राजमार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार कार के पलटने से दो बुजुर्ग महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर घायल हैं। हादसे के वक्त कार में पांच लोग सवार थे। यह सड़क हादसा जयपुर के बस्सी थाना इलाके में आगरा रोड स्थित जटवाड़ा के समीप लक्ष्मीपुरा मोड़ पर हुआ।
- पुलिस के मुताबिक विष्णु कॉलोनी, हटवाड़ा रोड, सोढाला जयपुर निवासी कानसिंह (72), उनकी पत्नी गीता कंवर(66) के साथ मंगलवार सुबह करीब 5 बजे महुवा तीर्थ जाने के लिए कार से रवाना हुए थे। दंपती के साथ कार में उनके परिचित तहसील बसवा, जिला दौसा निवासी ओमप्रकाश सेन (72) उनकी पत्नी पदमा देवी (65) और बेटा महेश सैन(32) भी थे।
- वे जयपुर आगरा राजमार्ग पर बस्सी थाना इलाके से गुजर रहे थे। तभी हाइवे पर जटवाड़ा के समीप लक्ष्मीपुरा मोड़ के पास सड़क पर कुत्ता आ गया। उसे बचाने के लिए कार चालक कानसिंह ने ब्रेक लगाए। इससे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटियां खा गई और सड़क किनारे कच्चे में जा गिरी।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया
- मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में सवार पांचों सवारियों को बाहर निकाला। उन्हें गंभीर हालत में बस्सी के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने कार में सवार कान सिंह की पत्नी गीता कंवर और ओमप्रकाश सेन की पत्नी पदमा देवी को मृत घोषित कर दिया। इसके कुछ घंटों बाद गंभीर घायल ओमप्रकाश सेन ने भी मंगलवार दोपहर को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

Post a Comment