अटल बिहारी वाजपेयी नहीं रहे: 93 की उम्र में निधन, 9 साल बीमार रहे; दो महीने से एम्स में भर्ती थे
मनमोहन सिंह ने कहा था कि वाजपेयी राजनीति के भीष्म पितामह ।
- वे 10 बार सांसद और तीन बार प्रधानमंत्री रहे
- 11 जून को एम्स में भर्ती किया गया था, दो दिन से वेंटिलेटर पर थे ।
अटलजी की सिर्फ एक किडनी काम कर रही थी। 30 साल से अटलजी के निजी फिजिशियन डॉ. रणदीप गुलेरिया की देखरेख में एम्स में उनका इलाज चल रहा था। श्रद्धांजलि में मोदी ने 7 ट्वीट किए। उन्होंने कहा, ''मैं नि:शब्द हूं, शून्य में हूं, लेकिन भावनाओं का ज्वार उमड़ रहा है। हम सभी के श्रद्धेय अटल जी हमारे बीच नहीं रहे। यह मेरे लिए निजी क्षति है। अपने जीवन का प्रत्येक पल उन्होंने राष्ट्र को समर्पित कर दिया था। उनका जाना, एक युग का अंत है। लेकिन वो हमें कहकर गए हैं- मौत की उमर क्या है? दो पल भी नहीं, जिंदगी सिलसिला, आज कल की नहीं। मैं जी भर जिया, मैं मन से मरूं, लौटकर आऊंगा, कूच से क्यों डरूं?''
मोदी ने लाल किले से अटलजी को याद किया था : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनकी सेहत का हाल जानने पिछले दो महीनों में कई बार एम्स जा चुके थे। बुधवार शाम भी वे एम्स पहुंचे थे। 72वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उन्होंने लाल किले की प्राचीर से दिए भाषण में भी कश्मीर के संदर्भ में अटलजी को याद किया था। उन्होंने कहा था- वाजपेयीजी ने कश्मीरियत, जम्हूरियत और इंसानियत का जिक्र किया था। हम इसी पर आगे बढ़ रहे हैं।
तीन साल से कोई तस्वीर सामने नहीं आई : अटलजी की तस्वीर पिछली बार 2015 में सामने आई थी। तब तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए वाजपेयी को उनके घर जाकर भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया था।
2009 में तबीयत बिगड़ी थी, वेंटिलेटर पर रखा गया था : 2009 में वाजपेयी की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें सांस लेने में दिक्कत के बाद कई दिन वेंटिलेटर पर रखा गया था। हालांकि, बाद में वे ठीक हो गए और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। बाद में कहा गया था कि वाजपेयी लकवे के शिकार हैं। इस वजह से वे किसी से बोलते नहीं हैं। बाद में उन्हें स्मृति लोप भी हो गया था। उन्होंने लोगों को पहचानना भी बंद कर दिया।

Post a Comment